औरंगाबाद के मदनपुर थानांतर्गत खिरियावां गांव में ‘चंगाई सभा’ की आड़ में बड़े पैमाने पर हिंदुओं का धर्मांतरण कराने के खेल का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने पुलिस से की जिसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया। आरोप है कि गरीब गांव वालों को प्रलोभन देकर और अंधविश्वास का डर दिखाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामला मदनपुर थानाक्षेत्र के खिरियांवा गांव की है। जानकारी के अनुसार बीते दिन गांव में सत्संग और ‘चंगाई सभा’ के नाम पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान गांव वालों को इसाई धर्म अपनाने के लिए उनका ब्रेनवाश किया जाने लगा। इसे देखकर स्थानीय लोग भड़क गए और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया।
हंगामा बढ़ता देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इसीबीच कुछ हिंदू संगठन के लोग भी वहां पहुंच गए और वहां ‘चंगाई सभा’ तथा सत्संग के नाम पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इस मामले में संलिप्तता के संदेह में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। मिली जानकारी के अनुसार, खिरियावां निवासी ग्रामीण चिकित्सक डॉ. रामनंदन गोस्वामी के आवास पर दोपहर में एक बड़ी सभा का आयोजन किया गया था। सत्संग के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 से 300 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। पहले तो लोगों को धार्मिक बतें कही गई फिर इलाज के नाम पर उन्हें बहकाया जाने लगा।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सभा में बाहर से आए कुछ लोग भोली-भाली महिलाओं और ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर उन्हें हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों को छोड़ने और ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। धर्मांतरण की सूचना मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने इस कार्यक्रम का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रंजीत यादव व सरपंच प्रतिनिधि सुशील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। इधर वहां विश्व हिंदू परिषद के प्रांत गौरक्षा विभाग प्रमुख डॉ. संत प्रसाद, जिला सह मंत्री नवीन पाठक और बजरंग दल के रितिक कुमार भी वहां पहुंच गए तथा इस तरह किये जा रहे हिंदुओं के धर्मांतरण का विरोध करने लगे।पुलिस के पहुंचते ही सभा में शामिल कई महिलाएं और युवतियां भागने लगीं। पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजन में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।