भारत-नेपाल सीमा से सटे पश्चिमी चम्पारण के संवेदनशील और लंबे समय से विवादित सुस्ता क्षेत्र में एक बार फिर सीमा विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। नेपाल के सुस्ता गांव के 150 से 200 ग्रामीणों ने दोनों देशों के बीच पहले से तय व्यवस्था का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा की ओर मिट्टी का बांध बनाना शुरू कर दिया। जब SSB जवानों ने इसका विरोध किया और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल से बातचीत शुरू की, तभी बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने सरकारी काम में बाधा डाली, जवानों के साथ गाली-गलौज की, लाठी-डंडे और पत्थरों के साथ आक्रामक हो गई और भारतीय सीमा की ओर पथराव किया। घटना के बाद कुछ समय के लिए सीमा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मामले में वाल्मीकिनगर थाना में 150 से 200 अज्ञात नेपाली नागरिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
एसएसबी की ओर से बताया गया कि 31 जुलाई 2026 को भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के बीच विवादित सुस्ता क्षेत्र को लेकर संयुक्त बैठक हुई थी। बैठक में दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी थी कि अंतिम फैसला होने तक पहले जैसी स्थिति बनाए रखी जाएगी और किसी भी तरह का नया निर्माण कार्य नहीं होगा। एसएसबी का आरोप है कि इसके बावजूद नेपाली ग्रामीणों ने बांध निर्माण शुरू कर दिया। जब एसएसबी अधिकारी नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल से बातचीत कर रहे थे, तभी सुस्ता गांव के लगभग 150 से 200 ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एसएसबी का आरोप है कि भीड़ ने जवानों के साथ बदसलूकी की, गाली-गलौज की और सरकारी काम में बाधा डालते हुए लाठी-डंडे और पत्थरों के साथ आक्रामक हो गई। हालात बिगड़ते देख एसएसबी की टीम भारतीय सीमा में स्थित सेमल के पेड़ के पास लौट आई। इसके बावजूद भीड़ कथित तौर पर सीमा की तय रेखा पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंच गई और पथराव शुरू कर दिया, जिससे सीमा क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव फैल गया।
एसएसबी ने इस पूरी घटना को सीमा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सरकारी काम में बाधा डालने का गंभीर मामला बताते हुए वाल्मीकिनगर थाना में सुस्ता गांव के 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सुस्ता भारत-नेपाल सीमा का एक संवेदनशील और लंबे समय से विवादित इलाका है। गंडक नदी की धारा समय-समय पर बदलने के कारण इस इलाके की सीमा को लेकर दोनों देशों के बीच वर्षों से मतभेद रहे हैं। इसी वजह से सीमा पर किसी भी तरह के निर्माण या गतिविधि को लेकर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्क रहती हैं। हालिया घटना के बाद एक बार फिर यह इलाका चर्चा में आ गया है।