रोहतास जिले के परसथुआं थाना क्षेत्र में आरा मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात एक स्कूल बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 2 शिक्षकों की मौत हो गई, जबकि 11 स्कूली बच्चे घायल हो गए। जख्मी ग्यारह छात्रों में 2 ही हालत चिन्ताजनक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कैमूर जिले के चैनपुर अंचल स्थित मध्य विद्यालय बढ़ौना के छात्रों और शिक्षकों की टीम शैक्षणिक परिभ्रमण पर पटना जा रही थी। बीती रात करीब 12:30 बजे शैक्षिक परिभ्रमण पर जा रही स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा भिड़ी। हादसा देर रात करीब साढ़े 12 से 1 बजे के बीच परसथुआं के पास हुआ। इस भीषण दुर्घटना में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के रहने वाले बीपीएससी शिक्षक पुनीत कुमार सिंह और कैमूर जिले के चैनपुर निवासी संजय कुमार राय के रूप में हुई है। बताया गया कि कैमूर के चैनपुर स्थित मध्य विद्यालय बढोना से एक स्कूल बस बच्चों को लेकर पटना टूर पर जा रही थी। इसी दौरान आरा—मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस की ट्रक से आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। बस में शिक्षक, बच्चे और स्टाफ सहित कुल 50 लोग सवार थे। हादसे में करीब एक दर्जन बच्चे घायल हो गए हैं। वहीं कुछ शिक्षकों को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल शिक्षकों में विपिन पांडे, सियानंद पटेल, लोरी सिंह और एक महिला शिक्षिका ललिता कुमारी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सासाराम के सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परसथुआं थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृत शिक्षक संजय कुमार राय कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के भैंसहर गांव के निवासी थे। वहीं बीपीएससी शिक्षक पुनीत कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के माविहार थाना क्षेत्र के बगहवा गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजन सदमे में हैं।