बिहार के यात्रियों के लिए रेल कनेक्टिविटी पर काफी सुखद खबर है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज छपरा में बताया कि अगले 6 से 8 वर्षोंं में बिहार को 200 नई ट्रेनें मिलेंगी। इसके साथ ही उन्होंंने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली से पटना का सफर महज 4 घंटे 45 मिनट में पूरा होने वाला है। ऐसा बुलेट ट्रेन शुरू हो जाने के बाद होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली से बिहार और बंगाल जाने वाले यात्रियों को इससे काफी सहूलियत होगी क्योंकि अब इस रूट पर बुलेट ट्रेन का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। रेल मंत्री ने बताया कि इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बिहार में बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली से वाराणसी होते हुए पटना को जोड़ने के लिए बुलेट ट्रेन का भी पिछले बजट में निर्णय लिया है। इससे बिहार को बहुत अच्छी सुविधा मिलेगी। पटना से दिल्ली की यात्रा मात्र 4 घंटे 41 मिनट की रह जाएगी। आगे पटना से सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन जाएगी। आने वाले समय में इसके लिए भी तैयारी शुरू हो गई है। पहली बुलेट ट्रेन अहमदाबाद से मुंबई के बीच में अगले साल शुरू होने वाली है।
मौजूदा वक्त में पटना से दिल्ली या दिल्ली से पटना जाने में कम से कम 12-13 घंटे का समय लगता है। बुलेट ट्रेन आने के बाद ये सफर एक तिहाई रह जाएगा। बुलेट ट्रेन के लिए दिल्ली—सिलीगुड़ी हाईस्पीड कॉरिडोर का निर्माण होगा जो उत्तर भारत को पूर्वोत्तर भारत के प्रवेश द्वार से जोड़ने का काम करेगा। इससे बड़ी आबादी वाले यूपी और बिहार जैसे राज्यों को भी फायदा होगा और इन राज्यों में ट्रेनों में भारी भीड़ से निपटा जाएगा। रेल मंत्री का कहना है कि बंगाल में बुलेट ट्रेन समेत अन्य रेल परियोजनाओं पर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हो रहा है। रेलमंत्री शुक्रवार को छपरा में रेलवे के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे।