कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में कटरा गांव में एक शादी के दौरान ठीक सिंदूरदान के समय कुछ ऐसा हुआ कि शादी कैंसिल हो गई। यहां चेनारी थाना क्षेत्र के बगाढ़ी गांव के शिवबच्चन बिंद का पुत्र हीरा कुमार बारात लेकर शादी करने आया हुआ था। द्वार पूजा की रस्मे पूरी कर ली गई, जयमाल भी हो गया और बरनेत भी चढ़ा दिया गया। लेकिन शादी की सबसे महत्वपूर्ण रस्म सिंदूरदान की बारी आई तो बवाल मच गया। दरअसल हुआ ये कि सिंदूरदान के समय दूल्हे का हाथ ठीक से काम नहीं कर रहा था। जब उसका हाथ सिंदूरदान के लिए नहीं उठा तो लड़की और उसके परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया।
लड़की ने उसी समय भरे मंडप कहा कि दूल्हा पागल है और मैं इससे शादी नहीं कर सकती। इसके बाद पुलिस की डायल 112 को सारे मामले से अवगत कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को भभुआ थाना जाने की सलाह दी। दोनों पक्षों के बीच पुलिस ने समझौता करने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अंत में दूल्हे को बिना दुल्हन के बैरन वापस लौटना पड़ा। दूल्हा पक्ष के परिजनों ने बताया कि सिंदूरदान के समय हाथ हिलने पर लड़की ने लड़के को पागल बताते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद लड़की पक्ष के लोग वर पक्ष से विवाह खर्च के पैसों की मांग करने लगे। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच किसी तरह मामला सुलझाने की कोशिश कर रही है।
दूल्हे के पिता ने बताया कि एक लाख रुपए में शादी तय हुआ था। हमको 90 हजार रुपए नगद मिला था जिसमें से 30 हजार रुपए का गहना खरीदे। 20 हजार रुपए का साड़ी, 10 हजार रुपए का डीजे और बाकी पैसे का छोटे वाहन से बारात लेकर आए हैं। इस सब में सारा पैसा खर्च हो गया। हम शादी करने को तैयार है, लेकिन वे लोग शादी नहीं करना चाहते और पैसा मांग रहे हैं।