झारखंड के बोकारो में नक्सलियों को बड़ा झटका देते हुए सुरक्षा बलों ने 8 माओवादियों को मार गिराया है। सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी माओवादी विवेक के भी मारे जाने की खबर है। पुलिस ने सारे मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिये हैं। इस सफलता को झारखंड में लाल आतंक पर एक बड़ी चोट माना जा रहा है। बताया जाता है कि यह मुठभेड़ बोकारो के लुगू पहाड़ी की तलहटी में आज सोमवार को तड़के हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस इलाके में इनामी नक्सली विवेक का दस्ता पहुंचा हुआ है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने कांबिंग आपरेशन चलाया जिस दौरान यह भीषण मुठभेड़ हुई।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 8 के करीब शव बरामद किए जा चुके हैं। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए हैं। मारे गए नक्सलियों में से कई के इनामी होने की भी सूचना है।मुठभेड़ एक करोड़ के इनामी नक्सली विवेक के दस्ते के साथ हुई है। जानकारी के अनुसार नक्सलियों के एक बड़े दल के इलाके में भ्रमणशील होने की सूचना पर अभियान के लिए निकले सुरक्षाबलों पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद जवाबी हमले में झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों ने उन्हें चारों ओर से घेर कर गोलियों की बरसात कर दी।
मुठभेड़ में नक्सलियों को बहुत बड़ा नुकसान हुआ। सूत्रों द्वारा कहा जा रहा है कि 10 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं।
झारखंड पुलिस की जानकारी के अनुसार रुक—रुक कर अभी भी मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में कुख्यात माओवादी विवेक के कई साथियों के मारे जाने की सूचना है। सभी मारे गए नक्सलियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। एक अन्य कुख्यात नक्सली अरविंद यादव के भी मारे जाने की बात कही जा रही है। अरविंद यादव पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है। जानकारी मिली है कि अबतक मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एके 47, एसएलआर, कार्बाइन समेत कई अत्याधुनिक हथियार बरामद किये हैं। जंगल में अभी भी आपरेशन चल रहा है।