भोजपुर के तरारी से भाजपा विधायक की पत्नी ऐश्वर्या राज ने ब्यूटी क्विन का खिताब जीता है। पहली बार किसी सौंदर्य प्रतियोगिता में भाग लेकर उन्होंने मिसेज बिहार 2025 का टाइटल जीत सबका ध्यान खींचा। इस प्रतियोगिता में ऐश्वर्या ने 14 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ा और जीत का ताज अपने नाम किया। पटना में आयोजित ग्रैंड फिनाले में ऐश्वर्या का आत्मविश्वास और संवाद कौशल जजों को प्रभावित करने में सफल रहा। इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 21 से 55 वर्ष की महिलाओं ने भाग लिया, लेकिन ऐश्वर्या ने अपने प्रदर्शन से सभी को मात दे दी। कांटे की टक्कर वाली इस प्रतियोगिता में अपूर्वा गुप्ता फर्स्ट रनर अप और सुभांगी सेकेण्ड रनर अप रहीं।
ऐश्वर्या के पति, विशाल प्रशांत, पिछले साल हुए उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर तरारी से विधायक बने थे। इसके अलावा उनके ससुर सुनील पांडेय भी चार बार के विधायक और चर्चित बाहुबली नेता रहे हैं। ‘डॉक्टर डॉन’ के नाम से मशहूर पांडेय पर अतीत में कई गंभीर आरोप लगे लेकिन उनका राजनीतिक प्रभाव आज भी बरकरार है। ऐश्वर्या की इस सफलता पर उनके ससुर सुनील पांडेय, पति विशाल प्रशांत और चाचा ससुर हुलास पांडेय ने उनको बधाई दी। ऐश्वर्या राज सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 28 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। वे अक्सर अपने फैशन, फिटनेस और यात्रा से जुड़ी रील्स के माध्यम से महिलाओं को प्रेरित करती हैं। उन्हें महंगी गाड़ियों और स्टाइलिश जीवनशैली का भी शौक है।
24 वर्षीय ऐश्वर्या राज की प्रारंभिक शिक्षा पटना में हुई जिसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने फाइनेंस में मास्टर डिग्री हासिल की और एक प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनी में कार्य किया। हालांकि शादी के कारण उन्होंने एक प्रसिद्ध एयरलाइंस में नौकरी का अवसर भी छोड़ दिया। इसके अलावा खेल के क्षेत्र में भी ऐश्वर्या का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने बास्केटबॉल और एथलेटिक्स में बिहार का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। ऐश्वर्या और विशाल को एक साढ़े तीन साल का बेटा भी है। एक मां होने के बावजूद उन्होंने जिस फिटनेस और आत्मविश्वास के साथ मंच पर प्रदर्शन किया वह सराहनीय है।