पूर्णिया में राजद नेत्री और रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर अपहरण कर जानलेवा हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह प्राथमिकी घायल व्यक्ति के बयान पर दर्ज किया है जो भवानीपुर थाना क्षेत्र का राम बल्लभ मंडल उर्फ भोला मंडल बताया जाता है। भोला मंडल की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुराने मुकदमे को लेकर उनके पति के ऊपर जानलेवा हमला किया गया। घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र की है। फिलहाल घायल राम बल्लभ मंडल को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
जख्मी राम बल्लभ मंडल ने बताया कि बीते दिन की शाम को वो अपने घर से भवानीपुर बाजार जा रहा था। इसी दौरान बीमा भारती के पति पूर्व प्रखंड प्रमुख अवधेश मंडल अपने चार अन्य साथियों के साथ हथियार के बल पर उसे बलिया मोड़ पर बजरंगबली स्थान के पास से जबरन उठा लिया और अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे अपने घर ले जाकर गंभीर रूप से पीटा गया। उसने यह भी बताया कि यह सार विवाद जमीन के मामले को लेकर है जिसमें पांच साल पहले भी अवधेश मंडल और उनके साथियों ने उसे मारा था। उस समय उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में पैसे के लेनदेन के कारण मामला सुलझा लिया था। हाल ही में, जब राम बल्लभ मंडल अपने घर से भवानीपुर बाजार की ओर जा रहे थे, तभी अवधेश मंडल अपने गुर्गों के साथ आए और उसे जबरन अगवा कर लिया।
इस घटना के बाद, राम बल्लभ मंडल ने पुलिस और रूपौली विधायक शंकर सिंह को सूचित किया। उन्होंने भवानीपुर थाने में अवधेश मंडल और उनके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, राम बल्लभ मंडल की पत्नी ने कहा कि कुछ दिन पहले बीमा भारती उनके घर आई थीं और चुनाव में समर्थन देने का आग्रह किया था। वहीं पूर्व विधायक बीमा भारती ने इस मामले पर अपनी अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है। भवानीपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने पुष्टि की है कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।