पटना। बिहार की राजधानी पटना की सबसे चर्चित सीटों में से एक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने अपने पूरे दलबल और भारी समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर एनडीए गठबंधन ने स्काउट एंड गाइड मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन कर अपनी ताकत का अहसास कराया। इस महारैली में सीएम सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित एनडीए के तमाम शीर्ष नेता एक मंच पर एकजुट नजर आए।
चुनावी मेंढकों’ से सावधान रहे जनता: मुख्यमंत्री
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनसुराज पार्टी के सूत्रधार और नेता प्रशांत किशोर का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा, “आने वाले दिनों में ऐसे लोग भी बिहार में वोट मांगने आएंगे, जिन्हें यहां की जनता और राज्य के विकास से कोई सरोकार नहीं है। कुछ लोग सिर्फ चुनाव के समय ही बिहार का रुख करते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं।” सीएम ने कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक है और वह बहकावे में न आकर सिर्फ विकास के आधार पर ही अपना फैसला सुनाएगी।
भाजपा में परिवारवाद नहीं, समर्पण को सम्मान
संगठन की तारीफ करते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसकी कार्यकर्ता आधारित संस्कृति है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष पर पहुंच सकता है। नितिन नवीन को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “भाजपा में पद परिवारवाद या व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर नहीं, बल्कि मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण को देखकर दिया जाता है।”
मुफ्त बिजली योजना पर तेजस्वी को घेरा
सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एनडीए सरकार ने न सिर्फ हर घर तक बिजली पहुंचाई है, बल्कि अब आम जनता को बड़ी राहत देते हुए हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का फैसला किया है। वहीँ, उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के काम करती है, यही वजह है कि इस मुफ्त बिजली योजना का लाभ विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को भी मिल रहा है।
प्रतिष्ठा की जंग बनी बांकीपुर सीट
बांकीपुर उपचुनाव अब दोनों ही खेमों के लिए साख का सवाल बन चुका है। जहां एनडीए अपनी इस पारंपरिक सीट पर रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा कर रही है, वहीं विपक्षी गठबंधन भी उलटफेर करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है। आने वाले दिनों में यहां राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के उतरने से प्रचार युद्ध और तेज होने की उम्मीद है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बांकीपुर की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।