दरभंगा में बहादुरपुर प्रखंड के BDO आनंद कुमार विभूति के पांच ठिकानों पर EOU की रेड में अकूत दौलत का पता चला है। प्रारंभिक जांच में बीडीओ की संपत्ति आय से 121 प्रतिशत अधिक पाई गई है। टीम को BDO आनंद कुमार विभूति के पांच ठिकानों से मिले दस्तावेजों में 16 भूखंड, करीब 70 लाख रुपये का आलीशान मकान, चार लग्जरी वाहन और म्यूचुअल फंड में करीब 70 लाख रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े सबूत मिले हैं। बीते दिन EOU की टीम ने BDO के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 12 साल की सरकारी सेवा के दौरान उन्होंने कथित तौर पर आय से 121 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है।
2014 में प्रशासनिक सेवा में हुए थे चयनित
BDO आनंद कुमार विभूति वर्ष 2014 में बिहार प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए थे। EOU के अनुसार उन्होंने अपनी करीब 12 वर्षों की सेवा के दौरान अकूत संपत्ति अर्जित की। इसी मामले में बीडीओ के खिलाफ छापेमारी में बेहिसाब संपत्ति और निवेश से जुड़े कई दस्तावेज जांच एजेंसी के हाथ लगे। EOU की जांच में पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र स्थित लालबेगिया में BDO के पैतृक भूखंड पर करीब 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित भव्य मकान मिला। वहीं मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-1 स्थित सरस्वती नगर मोहल्ले में बने निजी आवास पर छापेमारी के दौरान कुल 16 भूखंडों की खरीद से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। इनमें 9 भूखंड अभियुक्त के अपने नाम पर हैं, जबकि 7 भूखंड अन्य लोगों के नाम पर बताए गए हैं।
इसके अलावा बीडीओ के ठिकाने से एक इनोवा क्रिस्टा, एक स्कॉर्पियो और दो अन्य चार पहिया वाहन भी मिले हैं। टीम ने आभूषण आदि की खरीद से संबंधित इनवायस भी बरामद किए हैं। छापेमारी के दौरान BDO और उनके परिजनों के नाम पर विभिन्न बैंकों में कुल 16 बैंक खाते पाए गए। इन खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच टीम को एक बैंक लॉकर भी मिला है, जिसकी तलाशी अभी बाकी है। इसके अलावा भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और अन्य बीमा कंपनियों में निवेश से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों के अनुसार बीमा पॉलिसियों के लिए करीब 1.50 लाख रुपये का वार्षिक प्रीमियम जमा किया जाता है। पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर स्थित निजी आवासों पर हुई छापेमारी के दौरान EOU को विभिन्न बैंकों के ATM कार्ड, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, ब्रांडेड कंपनियों के जेवरात खरीदने की रसीदें और प्रॉपर्टी से संबंधित अन्य दस्तावेज भी मिले हैं।
