पटना/बाढ़ : बाढ़ अनुमंडल की एसडीएम गरिमा लोहिया ने अथमलगोला स्थित बीसी एवं ईबीसी कल्याण बालिका छात्रावास में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता एवं शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारी, अनुमंडलीय कल्याण पदाधिकारी, जीविका की प्रतिनिधियां तथा विद्यालयकर्मी उपस्थित रहे। चिकित्सा पदाधिकारी ने छात्राओं को मासिक धर्म एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जानकारी देते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया। साथ ही संक्रमण से बचाव, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम गरिमा लोहिया ने छात्राओं को उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और जागरूक मन ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के उपरांत एसडीएम ने छात्रावास का निरीक्षण किया और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। छात्राओं ने साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दे उठाए। इस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि छात्राओं का स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक छात्राएं ही समाज एवं राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने प्रशासन की ओर से छात्रावास की सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा संबंधित अधिकारियों को छात्राओं की समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट