पटना/बाढ़ : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से राज्य के सभी प्रखंडों की पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्डों में सहयोग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत बाढ़ प्रखंड की रहीमापुर-रूपस पंचायत स्थित अचुआरा मध्य विद्यालय में जन सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन मुखिया वचोला देवी के सहयोगी एवं सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार की देखरेख में किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, परिवहन, राजस्व एवं भूमि सुधार, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता, मद्यनिषेध एवं निबंधन, श्रम संसाधन, उद्योग, गृह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ऊर्जा, शिक्षा, कृषि, सहकारिता, समाज कल्याण, स्वास्थ्य तथा पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निष्पादन का आश्वासन दिया। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी अंजू समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी स्टॉलों का निरीक्षण स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने किया। वहीं आगंतुक अतिथियों का स्वागत समाजसेवी रामनरेश सिंह ने किया।
शिविर के सफल संचालन में संतोष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा ग्रामीणों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। स्वच्छता पर्यवेक्षक राजीव रंजन सिंह, पुष्कर एवं आदित्य कुमार ने भी ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय सहयोग किया। भीषण गर्मी के बावजूद रहीमापुर-रूपस पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर सफल रहा। ग्रामीणों ने शिविर की व्यवस्था एवं जनसेवा के लिए संतोष कुमार और पंचायत प्रतिनिधियों की सराहना की।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट