पटना/बाढ़ : आत्मा (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण), पटना एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर) के संयुक्त तत्वावधान में “खेत बचाओ अभियान” के तहत “स्वस्थ धरा – खेत हरा” विषय पर एक दिवसीय प्राकृतिक खेती जिला कार्यशाला का आयोजन बाढ़ अनुमंडल के अगवानपुर पंचायत स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक डॉ. सियाराम सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रसाद, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह राजू, कृषि विज्ञान केंद्र की वरीय वैज्ञानिक डॉ. रीता सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) तथा आत्मा के उप परियोजना निदेशक बृजेन्द्र मणि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
स्वागत भाषण में डॉ. रीता सिंह ने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं बीज उत्पादन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी किसानों को दी। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए बताया कि इसके लिए केंद्र में निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था उपलब्ध है। विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री के प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के संकल्प को दोहराते हुए किसानों से रासायनिक उर्वरकों के उपयोग में कमी लाने और अपनी कुल कृषि भूमि के कम-से-कम 25 प्रतिशत हिस्से में प्राकृतिक खेती शुरू करने की अपील की।
उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने तथा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की सलाह दी। साथ ही युवाओं से कौशल उन्नयन कार्यक्रमों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह राजू ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी कृषि विज्ञान केंद्र और प्रखंड कृषि कार्यालय से प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों की सराहना करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की।
भाजपा जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रसाद ने किसानों से सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आग्रह किया। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी ने राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए मिट्टी जांच आधारित उर्वरक उपयोग पर बल दिया। कार्यक्रम में लगभग 250 किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन आत्मा के उप परियोजना निदेशक बृजेन्द्र मणि ने किया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट