पटना/बाढ़: बाढ़ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या, ठगी, चोरी, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले जैसे मामलों में संलिप्त करीब एक दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से आर्म्स, कारतूस और चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
यह जानकारी एसडीपीओ-01 रामकृष्ण ने अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पटना पुलिस की बड़ी उपलब्धि है और अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। मोकामा थाना क्षेत्र के साहेबबेगपुर गांव में 7 अप्रैल को जमीन विवाद में हुई दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
वहीं एनटीपीसी थाना क्षेत्र के देवरा जिगरिया टोला से पुलिस ने एक अभियुक्त को देशी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी शस्त्र अधिनियम के मामलों में संलिप्त रहा है। पंडारक थाना क्षेत्र के कोन्दी गांव में गोलीबारी की घटना में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया।
इसके अलावा बाढ़ थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 के 1.21 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में फरार आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य मामले में चोरी का मोबाइल और लैपटॉप बरामद करते हुए चोर को भी गिरफ्तार किया गया है। एसडीपीओ रामकृष्ण ने स्पष्ट कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट