पटना/बाढ़ : बाढ़ प्रखंड की धनावां–मुबारकपुर पंचायत में आगामी पंचायत चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इस बीच पूर्व प्रखंड प्रमुख एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य शशि पांडेय ने मुखिया पद को लेकर अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है।शशि पांडेय वर्ष 2006 से 2021 तक लगातार धनावां–मुबारकपुर पंचायत से पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होते रहे। इसी दौरान वर्ष 2006 से 2011 तक उन्होंने बाढ़ प्रखंड प्रमुख का दायित्व भी संभाला। वर्ष 2021 के बाद भले ही वे किसी निर्वाचित पद पर नहीं रहे हों, लेकिन पंचायत की राजनीति में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है।
पूर्व प्रखंड प्रमुख शशि पांडेय ने कहा कि पंचायतों के परिसीमन और आरक्षण रोस्टर पर राज्य सरकार के अंतिम निर्णय के बाद चुनावी रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिस्थितियों के अनुसार वे स्वयं मुखिया पद का चुनाव लड़ सकते हैं, परिवार के किसी सदस्य को उम्मीदवार बना सकते हैं अथवा किसी अन्य प्रत्याशी का समर्थन कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो वे स्वयं पंचायत चुनाव 2026 में मुखिया पद के लिए मैदान में उतरेंगे और पंचायत की राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका को आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कई पंचायत चुनावों में मुखिया पद के उम्मीदवारों को जीत दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उधर, धनावां–मुबारकपुर पंचायत में मुखिया पद को लेकर कई संभावित दावेदारों के नाम चर्चा में हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित उम्मीदवार पंचायत चुनाव की तिथि, परिसीमन और आरक्षण की अंतिम घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। इन निर्णयों के बाद पंचायत की चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट