बाढ़ : अनुमंडल के टाल क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और नदियों में आई बाढ़ से जल-जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके कारण सैकड़ों बीघा खेतों की फसलें डूबकर बर्बाद हो गई हैं और किसान भारी संकट में हैं। पंडारक प्रखंड के सरहन डैम एवं बरसाती पानी से टाल का अधिकांश इलाका जलमग्न हो गया है।
लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों के किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं। खेतों में लंबे समय से पानी भरे रहने से भूमि भी खेती योग्य नहीं रह गई है। इसी समस्या को लेकर बाढ़ अनुमंडल सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार की अध्यक्षता में एनटीपीसी के अधिकारियों एवं किसानों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेतों से जल-निकासी की समस्या को शीघ्र समाधान करने पर सहमति बनी।
एसडीओ चंदन कुमार ने बताया कि हजारों किसान जल-जमाव से प्रभावित हैं। किसानों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए बड़े-बड़े ह्यूम पाइप लगाकर पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी। इस निर्णय का किसानों ने स्वागत किया और प्रशासन व एनटीपीसी अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। जल-जमाव की समस्या दूर होने पर किसानों की परेशानियां कम होंगी और वे खेती-किसानी के साथ विकास कार्यों को भी आगे बढ़ा पाएंगे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट