बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह के शुरुआती घंटों में यहा मतदान की रफ्तार धीमी रही और 9 बजे तक केवल 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बांकीपुर में बीजेपी के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर में मुकाबला है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ यहां मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे जिनमें कई वीवीआईपी मतदाता भी शामिल हैं। आज सुबह सबसे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सी.पी. ठाकुर ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। उनके साथ नवादा से बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने भी वोट डाला। इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव और अशोक चौधरी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मालूम हो कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव भी इसी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।
इस बीच खबर है कि आज मतदान के दौरान मीठापुर और किदवईपुरी में बीजेपी और जनसुराज किदवईपुरी समर्थकों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की हुई। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर मतदान प्रभावित करने और फर्जी वोटिंग की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। जन सुराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी बूथ पर दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि बंटी मतदाताओं पर बीजेपी के पक्ष में मतदान करने का दबाव डाल रहे हैं और जो लोग ऐसा नहीं कर रहे, उन्हें वोट डालने से रोका जा रहा है। वहीं, बीजेपी ने भी जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पार्टी के प्रदेश महासचिव नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं के सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया को और सख्ती से लागू करने की मांग की है।
विदित हो कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,471 मतदाता हैं। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,166 वरिष्ठ मतदाता और 1,024 दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मतदान के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 247 सरकारी भवनों, 175 निजी भवनों और 9 चलंत (मोबाइल) मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक उम्मीदवार को अपने चुनाव एजेंटों और कार्यकर्ताओं के लिए अधिकतम तीन वाहनों के उपयोग की अनुमति दी गई है। साथ ही, प्रत्येक वाहन में पांच से अधिक लोगों के बैठने की अनुमति नहीं है।