बांका के अमरपुर में हुए चर्चित डबल मर्डर कांड के मुख्य आरोपी सचिन सिंह को पुलिस ने बीती देर रात रांची में एक होटल से धर दबोचा। उसके पास से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लोडेड पिस्टल भी बरामद किया है। बाद में अमरपुर लाकर उससे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जब पुलिस उसकी निशानदेही पर बाकी के हथियार बरामद कराने गई, तब आरोपी ने मौका पाते ही पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगा। इसी दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जवानों ने उसका हाफ एनकाउंटर कर दिया। इस मुठभेड़ को आज तड़के अमरपुर के निकट अंजाम दिया गया है। सचिन सिंह पर बिहार झारखंड के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अवैध खनन के कई मामले दर्ज हैं।
अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव के पास 5 दिन पहले दोहरे हत्याकांड में धर्मराय गांव निवासी सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस कांड में मुख्य आरोपी सचिन सिंह और उसके साथी शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया। इनमें से एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दूसरा आरोपी सचिन सिंह फरार चल रहा था। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष जांच टीम बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने बीती देर रात सचिन सिंह को रांची से गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद हथियार की बरामदगी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की जिसमें सचिन सिंह के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल लाया गया। फिर वहां से रेफर होने के बाद उसे भागलपुर भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। बांका एसपी ने बताया कि इस डबल मर्डर के अनुसंधान में एसआईटी को तकनीकी सर्विलांस के दौरान मुख्य आरोपी के रांची में होने की जानकारी हाथ लगी। इसी के बाद उसे घेरकर एक होटल से दबोचा गया था।