बाबा बागेश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगामी बिहार दौरे को लेकर राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि देखते हैं कि बिहार आने से कौन रोकता है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बीते दिन मध्य प्रदेश के खजुराहो में बाबा बागेश्वर से मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया। अब इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रही हैं जिसमें वे आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सामने जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। शिक्षा मंत्री की इस तस्वीर के सामने आते ही विपक्षी दल आरजेडी और कांग्रेस ने तीखा हमला बोला और कहा कि मंत्री जी को यह बताना चाहिए कि वे बिहार में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए क्या काम कर रहे हैं। लेकिन शिक्षा मंत्री अपने मूल काम को छोड़कर सैर सपाटे और विवादित लोगों की शरण में जाकर उकसावे वाले बयान दे रहे हैं।

भगवान श्रीकृष्ण को लेकर अपने ‘टेढ़े’ बयान पर विवादों में आए बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बिहार आने वाले हैं। 13 से 16 दिसंबर के बीच उनका चार दिवसीय बक्सर दौरा प्रस्तावित है जहां वे बक्सर के नई बाजार स्थित सीताराम विवाह महोत्सव कार्यक्रम में तीन दिनों तक प्रवचन करेंगे और चौथे दिन ‘दिव्य दरबार’ लगायेंगे। इसबीच राजद और कांग्रेस ने कहा कि बाबा बागेश्वर पहले भी बिहार आ चुके हैं और उनका कोई विरोध नहीं कर रहा। लेकिन मंत्री जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता असित तिवारी ने आरोप लगाया कि बाबा बागेश्वर अक्सर देवी-देवताओं की खिल्ली उड़ाते हैं और शिक्षा मंत्री खुद लोगों को उकसा रहे हैं कि वे बाबा का विरोध करें ताकि इस पर ओछी राजनीति चमकाई जा सके।
इसबीच धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कड़े तेवर दिखाए और कहा कि बाबा बागेश्वर को बिहार की धरती पर कदम रखने से रोकने की ताकत किसी में नहीं है। उन्होंने विरोध करने वाले नेताओं को अल्पज्ञानी करार दिया। मंत्री ने याद दिलाया कि जब बाबा बागेश्वर पहली बार बिहार आए थे, तब सूबे में बीजेपी की सरकार नहीं थी। लेकिन अब राज्य में सनातन का सम्मान करने वाली बीजेपी-एनडीए की मजबूत सरकार है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता विरोधियों को कड़ा जवाब देगी। वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने शिक्षा मंत्री को घेरते हुए कहा कि मंत्री जी बिहार की शिक्षा व्यवस्था सुधारने की जगह जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
