मधुबनी के पंडौल में बिहार ATS और मध्य प्रदेश पुलिस की एक संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध आतंकी को दबोचा गया है। गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी का नाम मौलाना इजहारुल हक बताया जाता है। मौलाना इजहार का भारत विरोधी आतंकी संगठनों से सांठगांठ की पुख्ता जानकारी के बाद यह कार्रवाई की गई। ATS की टीम में शामिल अधिकारी और स्थानीय पुलिस अधिकारी लगातार उससे पूछताछ में जुटे हैं। बताया जाता है कि मधुबनी नगर थाना कैंपस में गोपनीय तरीके उसे रखा गया है। बताया गया कि बीती देर रात बिहार ATS और मप्र पुलिस की एक संयुक्त टीम ने पंडौल के भौआड़ा गोवा पोखर मोहल्ले में स्थित एक मदरसा में छापा मारा और वहां से मौलाना इजहारुल हक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में टीम ने पंडौल के ही सरिसव पाही गांव स्थित इजहारुल हक के घर में भी छापा मारा और आपत्तिजनक चीजे बरामद की।
मिली जानकारी के अनुसार मौलाना पर यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस और बिहार एटीएस की संयुक्त टीम ने केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर की है। पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी इज़हारुल हक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह व्हाट्सएप समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान इंटेलिजेंस एजेंसी से लगातार संपर्क बनाए हुए था। इसी इनपुट के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस और बिहार एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। सूत्रों के मुताबिक, इज़हारुल हक के खिलाफ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पहले से एक प्राथमिकी दर्ज है।
इधर खबर है कि गिरफ्तारी के बाद संदिग्ध आतंकी इजहारुल को मधुबनी कोर्ट में पेश किया गया जहां से कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर मध्य प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अब भोपाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी और उसके पाकिस्तान स्थित संपर्कों, गतिविधियों तथा संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाएगी. सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। फिलहाल पुलिस और एटीएस की ओर से मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि गिरफ्तारी को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण ऑपरेशन के रूप में देखा जा रहा है।