बिहार विधानमंडल के बजट सत्र छठे दिन भी दोनों सदनों—विधानसभा और विधान परिषद में जमकर हंगामा हुआ। आज शुक्रवार को दोनों सदनों में नालंदा में महिला की हत्या का मामला खूब गूंजा। जहां विधानसभा में नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे विपक्षी सदस्यों के आगे मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़ लिए और कहा कि जो भी गड़बड़ करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। विधानसभा में आज प्रश्नकाल शुरू होते ही माले के विधायक नालंदा के चंडी में एक महिला की हत्या के मामले को लेकर वेल में आकर नारेबाजी कर रहे थे। उधर विधान परिषद में भी कुछ ऐसा ही दृश्य रहा। वहां भी महिला सुरक्षा और महिला शिक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश और राजद की महिला एमएलसी उर्मिला ठाकुर के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।
माले विधायकों का नालंदा हत्याकांड पर जमकर बवाल
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही माले के विधायक बिहार में महिला हिंसा के मामले पर वेल में आकर हाथों में पोस्टर दिखाते हुए प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान मार्शल ने विधायकों के हाथ से पोस्टर छिन लिया। विपक्ष के लगातार हंगामे और नारेबाजी पर भड़कते हुए सीएम नीतीश कुमार ने विधानसभा में कहा कि जब भी कोई घटना आती है तो हम उसे देखते हैं। कहीं भी किसी जिले में घटना घटती है तो हम डीएम एसपी से बात करते हैं। उन्होंने माले विधायकों से कहा कि फालतू बात आप लोग करते हैं। पहले मेरी बात सुनिए। इन सब चीजों को लेकर प्रदर्शन करने की कोई जरूरत नहीं, जो गड़बड़ करेगा उस पर एक्शन होगा। अब आप लोग प्रदर्शन मत करिए बैठ जाइए हम हाथ जोड़कर आप लोगों से आग्रह करते हैं।
विधान परिषद में राजद एमएलसी से भिड़े मुख्यमंत्री
उधर विधानपरिषद में भी आज की कार्यवाही शुरू होते ही राबड़ी देवी ने परिषद में महिला अत्याचार का मामला उठाया। राबड़ी देवी ने महिला के पैर में कील ठोकने का मामला उठाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की। इसबीच महिला सुरक्षा और महिला शिक्षा से जुड़े राजद एमएलसी उर्मीला ठाकुर के एक सवाल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद की महिला एमएलसी के बीच जोरदार नोकझोंक हुई। राजद एमएलसी द्वारा हाई स्कूल से जुड़ा सवाल किया गया। इसपर सीएम नीतीश ने अपनी जगह पर बैठे बैठे आपत्ति जताई तो उर्मिला ठाकुर ने इसका प्रतिकार किया। सीएम नीतीश ने इसके बाद उर्मिला ठाकुर को जोरदार तरीके से सदन में सुनाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि आरजेडी सरकार मे शिक्षा के लिए क्या किया? महिलाओं के लिए पहले की सरकार ने क्या किया? पहले महिलाएं कहां पढ़ती थी? प्राथमिक शिक्षा में कुछ पढ़ती थी उसके बाद महिला नहीं पढ़ती थी। राबड़ी देवी की तरफ इशारा करते हुए मुख्यमत्री ने कहा कि इनके हसबैंड जब जेल गए तब इनको सीएम बनाया। इन्होंने महिलाओं के लिया अबतक क्या किया। महिलाओं के लिए सभी काम हमारी सरकार ने किया।