अरवल – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के शुभ अवसर पर जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में जिले की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सहभागिता की।विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यक्रमों एवं पंचायत स्तर पर क्रियान्वित परियोजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही पंचायत के विकास से संबंधित स्थानीय आवश्यकताओं, ग्रामीणों की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं को जाना गया तथा उनके सुझाव एवं परामर्श प्राप्त किए गए। ग्राम सभाओं में नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए नशामुक्ति अभियान के तहत सामूहिक शपथ ग्रहण का भी आयोजन किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।स्वच्छ एवं सुंदर पंचायत के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया
इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया। ग्रामीणों को अपने घर, आसपास के क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ पंचायत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त, अरवल शैलेश कुमार ने किंजर पंचायत में आयोजित विशेष ग्राम सभा में सहभागिता की।
उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए पंचायत के विकास से संबंधित उनकी आकांक्षाओं, अपेक्षाओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।उप विकास आयुक्त ने ग्राम सभा को पंचायत के विकास में जनभागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए ग्रामीणों से विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता की अपील की। विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से जनभागीदारी, नशामुक्ति, स्वच्छता एवं समग्र पंचायत विकास का संदेश देते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की संकल्पना को साकार करने की दिशा में सामूहिक प्रयास पर बल दिया गया।

देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
