अरवल – प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त, अरवल शैलेश कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबंधित महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सूचकांकों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान भव्या, एनसीडी विशेष अभियान, एनीमिया मुक्त भारत विशेष अभियान, एएनसी , प्रथम तिमाही में एएनसी , चौथी एएनसी , संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन, आयुष्मान भारत, आभा कार्ड निर्माण, तथा सर्जरी सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं इंडिकेटर्स की प्रखंडवार एवं स्वास्थ्य संस्थानवार समीक्षा की गई।प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की अद्यतन उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।समीक्षा के क्रम में कम उपलब्धि वाले स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने संस्थानों से संबंधित स्वास्थ्य सूचकांकों का नियमित अनुश्रवण करते हुए उपलब्धि में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। स्पष्ट किया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े सूचकांकों पर ध्यान केंद्रित करते हुए गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, प्रथम तिमाही में एएनसी जांच, निर्धारित एएनसी जांचों को पूर्ण कराने तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही परिवार नियोजन सेवाओं, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, एनीमिया की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संबंधी विशेष अभियानों में बेहतर उपलब्धि सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बैठक में आयुष्मान भारत, आभा कार्ड निर्माण एवं ई एच आर लिंकिंग की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को इन सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, संचारी रोग पदाधिकारी, उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, आरबीएसके कोऑर्डिनेटर, कार्यालय सहायक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। वहीं, जिले के सभी प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट