अरवल – स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को लेकर ऐतिहासिक गांधी मैदान, अरवल में आयोजन पूर्व पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम का जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल नवजोत सिमी द्वारा निरीक्षण एवं सतत निगरानी की गई। इस दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने समारोह के सफल आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूर्वाभ्यास के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाले राष्ट्रीय ध्वजारोहण, परेड, मार्च पास्ट एवं अन्य निर्धारित कार्यक्रमों का अभ्यास कराया गया तथा कार्यक्रम के दौरान अपनाई जाने चाली व्यवस्थाओं एवं प्रोटोकॉल की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार एवं तैयारियों को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके पश्चात जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल नवजोत सिमी द्वारा गांधी मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय ध्वजारोहण स्थल, मंच, परेड स्थल, दर्शक दीर्घा आगंतुकों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सौंदर्गीकरण, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई एवं सौंदर्गीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा आमंत्रित अतिथियों एवं आम नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के गौरव, स्वाभिमान एवं देशभक्ति का पर्व है। समारोह में जिले के नागरिकों की व्यापक सहभागिता को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं बेहतर एवं सुव्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को गरिमापूर्ण एवं सफल बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमि ने समारोह के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने को कहा। दोनों वरीय पदाधिकारियों ने निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा गया। जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूर्वाभ्यास एवं निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान, छात्र-छात्राएं सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट