अरवल -युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा भारत अरवल द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देशभर में संचालित जेन जी अगेंस्ट एडिक्शन राष्ट्रव्यापी जन-अभियान का हिस्सा है। जिले का मुख्य कार्यक्रम राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय कलेर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी लाइव संबोधन को सुना तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, धमौल, एस.डी. कॉलेज, अरवल, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, कलेर सहित जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि ,छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण तथा भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने तथा “विकसित भारत” के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ ग्रहण की।कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण तथा अरवल जिले को नशामुक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट