अरवल – जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में उर्दू भाषा छात्र-छात्रा राज्य प्रोत्साहन योजना अंतर्गत वाद-विवाद प्रतियोगिता 25-26 का शुभारंभ जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में उर्दू भाषा छात्र-छात्रा राज्य प्रोत्साहन योजना अंतर्गत वाद-विवाद प्रतियोगिता का शुभारंभ द्वीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिले में उर्दू भाषा के संरक्षण, संवर्धन तथा छात्र-छात्राओं में तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति क्षमता एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया। सर्वप्रथम अपर समाहर्ता द्वारा जिला पदाधिकारी को पौधा देकर स्वागत किया गया।
तत्पश्चात जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि उर्दू भाषा हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, तर्कपूर्ण विचार रखने की कला तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती है। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि सफलता निरंतर अभ्यास, ज्ञानार्जन और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विद्यार्थियों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए अपनी भाषा दक्षता, विचार शक्ति एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा निर्धारित विषयों पर प्रभावशाली एवं तार्किक ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का संचालन निर्धारित नियमावली के अनुसार किया गया तथा निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार और साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ। मौके पर अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट