अरवल – प्रभारी मंत्री एवं जिला पदाधिकारी ने कलेर प्रखंड के टेरी विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, शैक्षणिक व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा । प्रभारी मंत्री अरवल, दीपक प्रकाश एवं जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैस ने कलेर प्रखंड स्थित टेरी विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री एवं जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में शिक्षकों द्वारा कराई जा रही पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षा संचालन की गुणवत्ता तथा शिक्षण व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का भी आकलन किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय में पाई गई अनियमितताओं पर गंभीरता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानाध्यापक को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, समयबद्ध शिक्षण एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।निरीक्षण के क्रम में विद्यालय परिसर में विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय की स्थिति, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। जिन स्थानों पर कमियां पाई गईं. उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी शिक्षकों से नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित होकर पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ शिक्षण कार्य करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, कमियों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा राज्य सरकार की सभी शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराने का निर्देश दिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ अन्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट