अरवल -जिला पदाधिकारी अमृषा बैस ने जिला कोषागार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालय के कार्यों में पारदर्शिता, अभिलेखों के संधारण की स्थिति एवं प्रशासनिक व्यवस्था का मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कोषागार में संधारित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों जैसे-स्टॉक पंजी निर्गत पंजी. आगत पंजी आय-व्यय रजिस्टर एवं उपस्थिति पंजी की गहन जांच की।
उन्होंने पाया कि अभिलेखों के संधारण में सतर्कता आवश्यक है तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी रजिस्टरों एवं अभिलेखों का नियमित रूप से अद्यतन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता की संभावना न रहे। जिला पदाधिकारी ने कार्य में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि कोषागार से संबंधित सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप ही संपादित किए जाएं।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि कार्यालयी कार्यों में समयबद्धता एवं दक्षता बनाए रखते हुए आम जनता से जुड़े कार्यों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा कोषागार के बजगृह का भी निरीक्षण किया गया तथा बज्रगृह की स्वच्छता, सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि अभिलेखों एवं सामग्रियों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर जिला कोषागार पदाधिकारी, नाजारत उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट