अरवल – बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) अरवल के बैनर तले राजस्व कर्मचारियों की सत्रह सूत्री मांगों के समर्थन में जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। धरना कार्यक्रम ने प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता शैलेन्द्र कुमार ने की। इस दौरान महासंघ और राजस्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
धरना में महासंघ के जिला संरक्षक रविशंकर सिंहा, जिलासचिव रणविजय कुमार, संयुक्त सचिव विपिन कुमार, उपाध्यक्ष विकर्ण कुमार, कोषाध्यक्ष विमल कुमार, कार्यालय सचिव रामाधार चौधरी, पूर्व विधायक महानंद सिंह, माले नेता त्रिभुवन सिंह, सुऐब आलम, उपेंद्र पासवान सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इसके साथ ही राजस्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अनूप कुमार गौड़ और जिलासचिव अविनाश कुमार के नेतृत्व में सौरभ कुमार, रौशन कुमार, संतोष कुमार, रमेश मंडल, विवेक कुमार, जितेंद्र कुमार, रूपेश कुमार, संजीत कुमार, पवन कुमार सहित दर्जनों कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ग्रेड पे 2800 रुपये करना, गृह जिला में पदस्थापन सुनिश्चित करना सहित कुल सत्रह बिंदु शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज एवं व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। धरना के दौरान कर्मचारियों की एकजुटता और आक्रोश साफ तौर पर दिखा, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट