-रजौली समेकित जांच केंद्र सवाल के घेरे में
नवादा : जिले के नेशनल हाईवे 20 पर रजौली थाना क्षेत्र के होटल अर्चना ओवरब्रिज के पास शराब लदी स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गयी। चालक वाहन छोड़ फरार होने में सफल रहा। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने शराब समेत वाहन जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गयी है।
बताया जाता है कि झारखंड राज्य के तिलैया से नवादा की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गयी। स्कार्पियो के पलटते ही अर्चना होटल के पास मौजूद लोग बचाने दौड़ पड़े। बचाने पहुंचे लोगों के पहुंचने के पूर्व चालक तेजी से वाहन छोड़ फरार होने में सफल रहा। पहुंचे लोगों की नजर स्कार्पियो में लदी शराब पर पड़ते ही तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे रजौली थाना की पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
यह हाल तब है जब रजौली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग के साथ अन्य विभागों द्वारा चौबीस घंटे नियमित जांच का दावा किया जाता रहा है। ऐसे में शराब लदी स्कार्पियो का वहां से गुजर कर रजौली तक पहुंच जाना कई सवालों को जन्म देता है। बहरहाल मामला लाभ- शुभ का सामने आ रहा है। बगैर लाभ -शुभ समेकित जांच केंद्र से पार करना बिल्कुल असंभव है जिसकी विस्तृत जांच की आवश्यकता है।
भईया जी की रिपोर्ट