भोजपुर जिले के युवा भाजपा नेता राकेश विशेश्वर ओझा की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर है। भाजपा नेता पर यह हमला शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव के समीप किया गया। गोलीबारी में भाजपा नेता तो बाल—बाल बच गए लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस सिलसिले में राकेश ओझा ने तीन नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में शिवाजीत मिश्र, किशुन मिश्र और संत मिश्र का नाम बतौर नामजद आरोपी के रूप में शामिल किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना पूर्व रंजिश से जुड़ी हो सकती है क्योंकि राकेश के पिता विशेश्वर ओझा की 2016 में हत्या हुई थी।
जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत भरौली गांव के गोपीबाबा मंदिर के समीप बीती देर रात एक शादी समारोह से जब युवा भाजपा नेता राकेश विशेश्वर ओझा वापस लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हालांकि, फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। इसे लेकर भाजपा नेता राकेश ओझा ने तीन नामजद व अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी कराई। थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिकी में सोनबर्षा गांव निवासी शिवाजीत मिश्र, किशुन मिश्र व भरौली गांव निवासी पूर्व पैक्स अध्यक्ष संत मिश्र को आरोपित किया गया हैं। इस घटना को पूर्व रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।