मोकामा के दबंग पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार की बेऊर जेल से रिहाई के बाद उनके एक के बाद एक बयानों ने हलचल मचा दी है। उन्होंने मोकामा से जदयू टिकट पर चुनाव लड़ने की घोषण के अगले ही दिन आज गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश से साफ कह दिया कि वे तेजस्वी यादव के खिलाफ उनको टिकट दें। चुनाव में अनंत सिंह तेजस्वी की जमानत जब्त करवा देंगे। साथी अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में NDA को बिहार में 228 सीटें मिलेंगी, जबकि तेजस्वी का विपक्षी महागठबंधन महज 15 सीटों पर सिमट कर रह जाएगा। अनंत सिंह ने कहा कि मैं मोकामा की मिट्टी से जुड़ा हूं, यहां की जनता मेरे लिए जान दे सकती है। अब चुनाव लड़ूंगा और लड़ाई सीधी होगी तेजस्वी यादव से।
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने पूछा कि क्या उन्होंने अपने माता-पिता के सहयोग से लाखों युवाओं को नौकरी दिलवाई है? इसके बाद बाहुबली नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव इस जन्म में मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। उन्हें अगला जन्म लेना पड़ेगा। मुख्यमंत्री नीतीश की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में उनसे बेहतर मुख्यमंत्री न कभी हुआ है, न आगे होगा। अनंत सिंह जब से जेल से बाहर आये हैं वे लगातार लोगों से मिल रहे हैं और दनादन बयान जारी कर रहे हैं। आज गुरुवार को वे मोकामा में जनता से मिलने जा रहे हैं। अनंत सिंह कल बुधवार को ही 17 महीनों बाद बेल पर जेल से बाहर आए हैं। बाहर आते ही अनंत सिंह ने न सिर्फ तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला, बल्कि खुलकर नीतीश कुमार के नेतृत्व की वकालत करते हुए चुनावी मंजर भी साफ कर दिया।
बता दें कि मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को तब बड़ी राहत मिली थी जब पटना हाईकोर्ट ने उन्हें पंचमहला थाना कांड संख्या 5/2025 (जिसे सोनू-मोनू केस कहा जा रहा है) में जमानत दे दी। इस फैसले के बाद अनंत सिंह जेल से रिहा हो गए। अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। वे लंबे समय तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं और उन्हें बाहुबली नेता के रूप में जाना जाता है। हालांकि वर्तमान में वे विधायक नहीं हैं, लेकिन मोकामा उनकी पारंपरिक सीट मानी जाती है। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी वर्तमान में बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।