मोकामा के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो पिछले 24 घंटों से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने बेटे को घुड़सवारी सिखाते दिख रहे हैं। इस वायरल वीडियो की सबसे खास बात यह है कि पीछे बैकग्राउंड में गाना बज रहा है…’लेकर बाघ का करेजा…’। इस वीडियो को पूर्व विधायक अनंत सिंह के ही सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया गया है। छोटे सरकार के तौर पर मशहूर अनंत सिंह घोड़ों से लगाव के लिए बिहार में जाने जाते हैं। अब उन्होंने अपने बेटे को इसकी ट्रेनिंग देनी शुरू कर दी है। बताया जाता है कि खुद बाहुबली अनंत सिंह ने अपने बेटे को घुड़सवारी सिखाते वीडियो शेयर किया है। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो अब बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में उनका बेटा घोड़े पर सवार दिखाई दे रहा है, जबकि अनंत सिंह खुद कार से उसकी निगरानी करते साथ—साथ चलते नजर आ रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में “लेकर बाघ का करेजा…” गाना बज रहा है। उन्होने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि—’छोटे सरकार की निगरानी में घुड़सवारी करते लाडले’। अनंत सिंह का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा है। दरअसल, अनंत सिंह का घोड़ों से काफी लगाव है। पटना की सड़कों पर कई बार उनको घुड़सवारी करते हुए देखा गया है। एक बार वे घोड़ा-बग्गी लेकर विधानसभा पहुंचे गए थे। जानवरों के साथ साथ अनंत सिंह को कारों का भी शौक है। उनके पास कई कीमती कारें हैं। कुछ दिन पहले उनके जन्मदिन पर खरीदी गई लैंड क्रूजर जेडएक्स चर्चा में थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार की कीमत 2.5 से 3 करोड़ के आस पास बताई जा रही है।
कुछ दिन पहले ही बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह जेल से बाहर निकले हैं। बेऊर जेल से बाहर आने के बाद से अनंत सिंह लगातार सुर्खियों में हैं। कुछ दिन पहले वे सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। दोनों के बीच करीब 15 मिनट की बातचीत हुई थी। सीएम से मिलने के बाद अनंत सिंह के घर नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी पहुंचे थे। इन दोनों की मुलाकात राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा में रही। जेल से निकलने के बाद अनंत सिंह ने इस बार मोकामा से खुद जदयू टिकट पर चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया है। उनके इस ऐलान के बाद जदयू और मोकामा का राजनीतिक माहौल गरमा गया है क्योंकि जदयू के भीतर से ही उन्हें टिकट दिये जाने का विरोध हो रहा है।