मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें वह मुजरा डांसरों के साथ गाने पर थिरकते नजर आ रहे हैं। इसी कार्यक्रम का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें भोजपुरी गानों पर अनंत सिंह के समर्थक हथियार लेकर डांस करते हुए दिख रहे हैं। इस दूसरी वीडियो में भी विधायक अनंत सिंह का क्लिप दिखाया गया है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक महिला नर्तकी हिंदी सिनेमा के गीतों पर डांस कर रही हैं और सामने अनंत सिंह बैठे हुए हैं। वीडियो में बाहुबली विधायक के अलावा कई अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं जो हथियार लहरा रहे हैं और नोटों की बारिश करते हुए मुजरे का लुत्फ उठा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर जदयू के बाहुबली विधायक का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि दो दिन पहले शनिवार को विधायक अनंत सिंह गोपालगंज के हथुआ के सेमराव गांव में गुड्डू राय के आवास पर आयोजित एक निजी समारोह में भाग लेने के लिए आए हुए थे। यहां पर उपनयन संस्कार का कार्यक्रम था और इसी कार्यक्रम में शिरकत के बाद वहां डांस और मुजरे का प्रोग्राम हो रहा था। दावा किया जा रहा है कि इसी उपनयन संस्कार के इस डांस और मुजरा कार्यक्रम के दौरान यह वीडियो लिया गया और सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। वीडियो में एक महिला डांस कर रहीं हैं और डांस को देखने के लिए बड़े से हॉल में लोगों का जमावड़ा लगा है। जिसमें अनंत सिंह भी आराम से बैठे हुए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों की तरह वे भी ताली बजाते हुए नजर आ रहे हैं।
इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे आधा दर्जन से ज्यादा लोग अपने हाथों में हथियार लिए हुए हैं और वह हथियार लहरा रहे हैं। इस मामले में अभी तक अनंत सिंह की प्रतिक्रिया नहीं ली जा सकी है। जबकि उनके समर्थकों का हथियार लहराते वीडियो के सामने आने के बाद इस मामले में प्रशासन द्वारा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।