कल जिला कृषि पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद अब आज बुधवार को भी मुजफ्फरपुर में विजिलेंस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की। यहां आज निगरानी की स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने मुजफ्फरपुर सदर थाने में तैनात दारोगा भास्कर कुमार मिश्रा को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ धर दबोचा। दारोगा पर आरोप है कि वे एक केस की डायरी में बदलाव करने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत डिमांड कर रहे रहे थे। केस में सहूलियत देने के बदले उन्होंने पीड़ित से 50 हजार रुपये की मांग की थी। काफी मान—मनौव्वल के बाद 30 हजार में फाइनल डील तय हुई। इधर पीड़ित शख्स ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी ब्यूरो में कर दी। विशेष निगरानी यूनिट की एक टीम ने आज थाना परिसर में ही कार्रवाई कर दारोगा को रिश्वत के 15 हजार रुपए के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर सदर थाने में दर्ज एक अपहरण कांड में सहूलियत देने और केस डायरी को कमजोर करने के एवज में अनुसंधानकर्ता दारोगा भास्कर कुमार मिश्रा ने शिकायतकर्ता अमन कुमार से 50 हजार रुपये की रिश्वत डिमांड की थी। बाद में सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ जिसे दो किस्तों में देने की बात हुई। पहली किस्त के तौर पर आज बुधवार को दारोगा द्वारा पीड़ित शख्स से 15 हजार रुपये लेते ही निगरानी टीम ने जाल बिछाकर उसे थाना परिसर में ही धर दबोचा। शिकायतकर्ता अमन कुमार ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के कांड संख्या 839/25 में उनके भाई को आरोपी बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नाम हटाने और केस में राहत देने के लिए दारोगा द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी।
बताया जाता है कि दारोगा द्वारा केस में राहत देने के नाम पर जब दारोगा ने रिश्वत मांगी तब अमन कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से कर दी। पटना स्थित निगरानी ब्यूरो द्वारा इस शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर एक टीम गठित कर दारोगा को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। निगरानी डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि कार्रवाई सदर थाना परिसर में ही की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विदित हो कि अभी एक दिन पहले यानी मंगलवार को ही विजिलेंस टीम ने मुजफ्फरपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। विजिलेंस की लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से मुजफ्फरपुर के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।