मशहूर अभिनेता एवं फिल्म निर्माता मनोज कुमार का निधन हो गया है। दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित मनोज कुमार ने आज शुक्रवार तड़के मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। दिवंगत 87 वर्ष के ऐक्टर को ‘शहीद’, ‘उपकार’ एवं ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी देशभक्ति की लोकप्रिय फिल्मों के लिए ‘भारत कुमार’ के नाम से भी जाना जाता था। प्रधानमंत्री मोदी ने मनोज कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा का आदर्श बताया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिग्गज अभिनेता एवं फिल्म निर्माता मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुखी हूं.।वह भारतीय सिनेमा के आदर्श थे जिन्हें देशभक्ति की उनकी भावना के लिए विशेष रूप से याद किया जाता था और यह उनकी फिल्मों में भी झलकता था।”
मनोज कुमार एक बेहतरीन एक्टर के साथ डायरेक्टर भी थे। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। जिसमें पूरब और पश्चिम, संतोष, क्लर्क और उपकार के नाम प्रमुखता से लिए जा सकते हैं। अपने शानदार काम के लिए 2016 में मनोज कुमार को भारत के सबसे बड़े फिल्म अवार्ड दादा साहेब फाल्के से भी नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने और भी कई बड़े अवार्ड हासिल किए। इनमें भारतीय फिल्म उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक फिल्मफेयर पुरस्कार भी शामिल हैं जो उन्होंने 4 बार प्राप्त किए। भारत सरकार ने मनोज कुमार को उनके सिनेमा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से भी नवाजा। यह भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह पुरस्कार उन्हें देशभक्ति और सामाजिक संदेशों वाली फिल्मों के लिए दिया गया।
मनोज कुमार की शादी शशि गोस्वामी से हुई थी और उन्हें। दोनों के दो बेटे-कुणाल गोस्वामी और विशाल गोस्वामी हैं। मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई, 1937 को ब्रिटिश भारत के उत्तर-पश्चिमी इलाके के छोटे से शहर एबटाबाद (अब पाकिस्तान में) में हुआ था। मनोज कुमार का असली नाम हरिकिशन गिरी गोस्वामी था। नाम बदलने के पीछे एक दिलचस्प वाकया है। स्कूल में पढ़ाई के दौरान मनोज, दिलीप कुमार की फिल्म ‘शबनम’ देखने गए और फिर उनके किरदार से इतने प्रभावित हो गए कि उसी किरदार के नाम पर उन्होंने अपना नाम मनोज कुमार रख लिया। साल 1957 में आई फिल्म फैशन से मनोज कुमार ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनोज कुमार के निधन का कारण कार्डियोजेनिक शॉक था, जो एक गंभीर हार्ट अटैक (हाई मायोकार्डियल इंफेक्शन) के बाद हुआ। इसके अलावा, वे पिछले कुछ महीनों से डिकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस (लिवर की गंभीर बीमारी) से भी जूझ रहे थे, जिसने उनकी सेहत को और कमजोर कर दिया था।