– छत के रास्ते कार्यालय में घुसे बदमाश, डेढ़ लाख से अधिक की समानों की चोरी की आशंका
नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के एनएच-20 किनारे पल्लू सिंह होटल के समीप जीविका कार्यालय में देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने कार्यालय से सात सिलाई मशीन समेत कई जरूरी सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब नौ बजे तब हुई, जब जीविका दीदियां काम करने कार्यालय पहुंचीं।
पंचांग जीविका महिला विकास स्वाबलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, जोगियामारण की एलबीके प्रतिमा कुमारी ने बताया कि 24 जीविका दीदियां किराए के भवन में सिलाई प्रशिक्षण और कपड़ा सिलाई का कार्य करती हैं। सभी दीदियों के लिए अलग-अलग सिलाई मशीन उपलब्ध थी। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे रोज की तरह कार्यालय बंद कर सभी घर चली गई थीं।
छत के रास्ते अंदर घुसे चोर
मंगलवार सुबह कार्यालय खुलने पर अंदर का नजारा देख सभी हैरान रह गईं। जांच करने पर पता चला कि चोर छत के रास्ते सीढ़ी से भवन में दाखिल हुए। सीढ़ी के दरवाजे पर लगी जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा चोरों ने सोलर प्लेट में लगे तार की मदद से सामान नीचे खेत में उतारा और फरार हो गए।
सात मशीन, कुर्सी, पंखा और कपड़े भी गायब
चोरी गए सामानों में पैर से चलने वाली चार सिलाई मशीन, तीन इलेक्ट्रिक काज मशीन, आठ कुर्सियां, आठ कैंची, एक दीवार घड़ी, एक पानी का जार, तीन एलईडी बल्ब, एक सीलिंग फैन तथा अलमारी में रखे कपड़े शामिल हैं। जीविका दीदियों ने करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सामान चोरी होने की बात कही है।
मकान मालिक भी घटना से हैरान
मकान मालिक उदय सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से जीविका दीदियां भवन में सिलाई कार्य कर रही हैं और आज तक किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि हवा आने-जाने के लिए सीढ़ी के दरवाजे पर जाली लगाई गई थी, लेकिन अब सुरक्षा को देखते हुए वहां लोहे की चादर लगाई जाएगी।
थाने दी शिकायत
घटना के बाद जीविका दीदियों अजय लक्ष्मी, लीला देवी, चम्पा देवी, सुलेखा देवी, सोनी देवी, सरोज देवी और कालो देवी ने बताया कि मामले की सूचना जीविका के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। थाना में आवेदन दे जांचोपरांत समुचित कार्रवाई की मांग की गयी है। इधर, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट