नीतीश सरकार ने आज बुधवार को 4 IPS समेत कुल 6 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया। गृह विभाग ने इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है। जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से स्थानांतरित करते हुए नए पदस्थापन पर भेजा गया है। इसके तहत नवगछिया और लखीसराय में नए SP पदस्थापित किये गए हैं। खबर है कि नवगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार को लखीसराय का नया एसपी बनाया गया है। 4 आईपीएस के अलावा बिहार पुलिस सेवा के भी 2 अफसरों को इधर से उधर किया गया है। बिहार पुलिस सेवा के ये दोनों अफसर डीएसपी स्तर के अधिकारी हैं।
बाढ़ के SDPO भी बदले गए
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय को डीआईजी निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना से स्थानांतरित कर डीआईजी मद्य निषेध एवं एएनटीएफ बिहार पटना बनाया गया है। वहीं 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को पुलिस अधीक्षक नवगछिया से हटाकर लखीसराय का नया एसपी बनाया गया है। जबकि 2016 बैच के आईपीएस राजीव कुमार को मद्य निषेध एवं राज्य सम्पर्क नियंत्रण ब्यूरो एसपी से स्थानांतरित कर नवगछिया का एसपी बनाया गया है। वहीं 2019 बैच के आईपीएस अवधेश दीक्षित को एसपी लखीसराय के पद से हटाकर एसपी (कार्मिक-1), बिहार पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पटना स्थित बाढ़ अनुमंडल में नए SDPO की पदस्थापना की गई है। कटिहार में साइबर क्राइम डीएसपी राम कृष्ण को एसडीपीओ बाढ़ के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं बाढ़ के मौजूदा एसडीपीओ वहीं आनंद कुमार सिंह को पुलिस उपाधीक्षक उच्च न्यायालय सुरक्षा के पद पर भेजा गया है।