-एनएच-20 पर साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, आक्रोशितों ने किया घंटों पथ जाम
नवादा : एनएच-20 पर नेमदारगंज थाना क्षेत्र के फरहा के पास सोमवार की रात भतीजी का शादी कार्ड बांटने जा रहे साइकिल सवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में चाचा की मौत हो गयी। मौत के बाद डायल 112 द्वारा शव छोड़ भागने से नाराज़ आक्रोशितों ने घंटों पथ को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान नेमदारगंज थाना क्षेत्र के लेदहा गांव निवासी शिवनाथ चौधरी (48) के रूप में की गयी है। वे भतीजी की 20 फरवरी को होने वाली शादी की तैयारियों में जुटे थे। शादी के चलते रिश्तेदारों का घर पर आना-जाना लगा था।शिवनाथ चौधरी सड़क पार कर रहे थे, तभी एनएच-20 के फरहा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद साइकिल सड़क पर गिर गयी। ग्रामीणों के अनुसार, वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गयी।
स्थानीय लोगों ने जाम किया एनएच
घटना की जानकारी के बाद परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो पुलिस को कई बार सूचना देने के बावजूद काफी देर तक नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कुछ समय के लिए एनएच को जाम कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। शव को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट