बाढ़(पटना) : अनुमंडल पदाधिकारी गरिमा लोहिया ने बताया कि 02 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो रही इंटरमीडिएट की सैद्धांतिक परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए बाढ़ अनुमंडल प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत इस वर्ष कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें—
1. अनुग्रह नारायण सिंह +2 विद्यालय, बाढ़
2. सैयद नेहाल अहसन कॉलेज, बाढ़
3. संत जोसेफ कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल +2
4. राज्य संपोषित बालिका +2 उच्च विद्यालय
5. जगन्नाथन सीनियर सेकेंडरी स्कूल
6. लक्ष्मी नारायण राजवंशी हाई स्कूल, ढिबर
7. श्रीफौजदार सिंह +2 हाई स्कूल, अथमलगोला
8. श्रीगणेश हाई स्कूल, बख्तियारपुर
9. मंजू सिन्हा परियोजना हाई स्कूल
को परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इन सभी परीक्षा केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा देंगी। अनुमंडल पदाधिकारी ने जानकारी दी कि इस वर्ष दोनों पालियों को मिलाकर कुल 6881 छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगी। परीक्षा के सुचारु एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो स्टैटिक मजिस्ट्रेट (एक महिला एवं एक पुरुष), पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त पांच पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट तथा दो जोनल मजिस्ट्रेट भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही प्रत्येक 500 छात्राओं पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। परीक्षार्थियों की जांच के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर अस्थायी फ्रिस्किंग कक्ष बनाए गए हैं, जहां प्रवेश से पूर्व छात्राओं की फ्रिस्किंग के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठने की अनुमति दी जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। अनुमंडल प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट