बिहार में नीतीश सरकार के मंत्रियों ने बीते साल के अंतिम दिन अपनी चल और अचल संपत्तियों की घोषणा कर दी। लेकिन इससे यह पता भी चल गया कि मुख्यमंत्री नीतीश अपनी सरकार के दोनों डिप्टी सीएम से कम पैसे वाले हैं। उनके डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास एक गन के अलावा मुख्यतंत्री नीतीश से करीब 7 गुना ज्यादा कैश मौजूद है। सम्राट के पास 1.35 लाख रुपये नकद जबकि मुख्यमंत्री नीतीश के पास महज 20 हजार कैश है। सम्राट के बैंक खातों में 17.45 लाख रुपये जमा है। उन्होंने बांड आदि में 31.83 लाख रुपये जबकि बचत योजनाओं में करीब 20 लाख रुपये का निवेश कर रखा है। सम्राट की पत्नी कुमारी ममता के पास 35 हजार की नकदी और खाते में 6 लाख 43 हजार, बेटी के खाते में 1 लाख 34 हजार तथा बेटे प्रणय के खाते में 1 लाख 8 हजार रुपए जमा हैं। सम्राट ने निप्पोन इंडिया, फ्रैंकलिन इंडिया और HDFC के बॉन्ड में निवेश किया है। वहीं 19 लाख रुपए LIC में निवेश किए हैं।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बात करें तो वे कुल 1 करोड़ 65 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास महज 20 हजार रुपए नकद हैं तथा दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है जिसकी कीमत 1 करोड़ 48 लाख रुपए है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के पास दस गाय, तथा दो लाख रुपए की ज्वेलरी भी है जिसमें 2 सोने की और 1 चांदी की अंगूठी है। सीएम के पास 10 साल पुरानी एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी है जिसकी कीमत 11 लाख 32 हजार रुपए है। दूसरी तरफ देखा जाए तो नीतीश कुमार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी के पास NP बोर की एक रायफल जिसकी कीमत 4 लाख रुपए तथा उनके पिता शकुनि चौधरी की दी हुई एक रिवॉल्वर भी है जिसकी कीमत 2 लाख रुपए है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की संपत्ति की बात करें तो उनके पास 88 हजार 560 रुपए की नकदी जबकि उनकी पत्नी सुशीला देवी के पास 67 हजार 528 रुपए कैश है। विजय सिन्हा के पास करीब 1 करोड़ की चल संपत्ति है, वहीं उनकी पत्नी के पास 1 करोड़ 73 लाख रुपए की चल संपत्ति है। इसमें बैंक खातों में जमा राशि, शेयर्स और गहने शामिल हैं। अगर सीएम की संपत्ति से तुलना करें तो नीतीश कुमार के पास महज दो लाख रुपए की ज्वेलरी है। जबकि उनके डिप्टी सीएम सम्राट तथा उनकी पत्नी के पास पास 40 लाख का सोना और 75 हजार की चांदी है। वहीं विजय सिन्हा के पास 9 लाख 90 हजार के गहने हैं। वहीं उनकी पत्नी के पास 49 लाख 50 हजार रुपए के गहने हैं।