– नरहट–फतेहपुर पथ पर गोवासा के पास हादसा, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे
नवादा : जिले के नरहट थाना क्षेत्र के गोवासा के समीप नरहट–फतेहपुर मुख्य पथ पर भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और हाईवा ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज थी, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही नरहट और अकबरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर नियमित वाहन जांच और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट