नवादा : जिले में कहीं प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है तो कहीं पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। बावजूद लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की तंद्रा भंग नहीं हो रही है। जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के बलिया बुजुर्ग के निकट प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सरकार बूंद बूंद पानी बचाने और उपयोग करने के लिए टीवी एवं अन्य प्रचार माध्यम से जनजागरुकता अभियान चला रही है। हर घर नल का शुद्ध जल पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
वहीं सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की लापरवाही के कारण योजना फ्लॉप होती नजर आ रही है।डीही जलापूर्ति केन्द्र से बलिया बुजुर्ग समेत अकबरपुर बाजार वासियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए पाइप लाइन बिछाया गया है। पूर्व में पानी उपलब्ध हो रहा था। वर्तमान में स्थिति यह है कि बाजार वासियों को पानी का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
संपन्न लोग तो घरों में सबमर्सिबल पंप के माध्यम से पानी जुटा लें रहे हैं लेकिन गरीबों के लिए शुद्ध पेयजल समस्या है। ऐसी भी बात नहीं है कि शिकायत नहीं की गयी बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है तो दूसरी ओर हजारों लीटर पानी प्रतिदिन बर्बाद हो रहा है। आवश्यकता है समस्या समाधान का, अन्यथा कब लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रति गुस्सा फूट जाय कहना मुश्किल है।
भईया जी की रिपोर्ट