मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बीजेपी नेता की हत्या से कोहराम मच गया। भाजपा युवा मोर्चा के इंदौर नगर उपाध्यक्ष मोनू कल्याणे की बीती देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक मोलू कल्याणे भाजपा के बड़े नेता कैलाश विजयवर्गीय का बहुत करीबी था। हत्या के बाद समर्थकों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
बाइक सवार अपराधियों ने सीने में मारी तीन गोलियां
पुलिस के अनुसार भाजपा नेता मोनू कल्याणे चिकन बाग स्थित चौराहे के पास खड़ा हुआ था, तभी बाइक सवार हमलावर अर्जुन और पीयूष वहां पहुंचे और मोनू कल्याणे से पूछा कि सुबह भगवा रैली का समय क्या है? जैसे ही कल्याणे ने कुछ बोलने के लिए मुंह खोला, दोनों हमलावरों ने एक के बाद एक उनपर तीन गोलियां दाग दी। स्थानीय लोगों ने तत्काल भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भगवा रैली निकालने की तैयारी कर रहा था मृतक
भाजपा नेता मोनू कल्याणे भगवा यात्रा निकालते थे। वह उसी की तैयारी कर रहे थे। अर्जुन और पीयूष की मोनू कल्याणे से पुरानी रंजिश चल रही थी। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच की 8 टीमें और तीन थानों की पुलिस छापेमारी कर रही है।