पटना : बिहार में अपराधियों का हौसले काफी बुलंद है। वे बेख़ौफ़ होकर किसी भी घटना को अंजाम दे रहे हैं। खबर बिहार के शेखपुरा में कुसम्भा थाना क्षेत्र से है। अपराधियों ने एक बालिका की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। अपराधियों ने घट्न को उस समय अंजाम दिया जब वो थाना क्षेत्र के बगहिया टोला स्थित घर के छत पर 09 वर्षीय बालिका सुधा कुमारी सो रही थी। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है। देर रात को बदमाशों ने बदले की भावना में इस घटना को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 09 वर्षीय बालिका सुधा कुमारी अपने घर के छत पर सो रही थी तभी बेख़ौफ़ बदमाशों ने देर रात छत पर चढ़कर सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही बालिका की मौके पर मौत हो गई। घटना रविवार की देर रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। 9 वर्षीय सुधा कुमारी के पिता रामाशीष यादव गांव के ही एक वृद्ध व्यक्ति आसो यादव की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। मृत बालिका के चाचा दीपू यादव ने बताया कि रात्रि को सभी लोग परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। तभी घर से सटे पड़ोसी दीवार फांदकर छत पर चढ़ गया और घटना को अंजाम दे दिया।
आगे उन्होंने बताया कि बालिका अपने मां के साथ सोई हुई थी। गोली की आवाज सुनकर जब नींद खुली तो तीन लोगो भाग रहे थे। इस घटना को अंजाम देने में पड़ोसी कुंदन कुमार, उसके पिता सुनील यादव और शिव बालक यादव शामिल है। इसमें शिव बालक यादव के पिता आसो यादव की 1 साल पहले हत्या हो गयी थी। इस मामले में रामाशीष यादव को अभियुक्त बनाया गया था जो फिलहाल जेल में है। वहीँ, परिवार का कहना है कि इस घटना को बदले की भावना में अंजाम दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने उचित जाँच कर के सख्त कार्रवाई की बात कही है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।