अनंत सिंह की बेटी शिवांगी आज गुरुवार को बिहटा के ऋषिकेश की दुल्हनिया बन ससुराल के लिए विदा हो गई। इस शादी की बिहार समेत पूरे देश में चर्चा रही। बीती रात शाही शादी के बाद आज सुबह शिवांगी की विदाई हुई। विदाई के दौरान पिता अनंत सिंह और मां नीलम देवी काफी भावुक नजर आए। विदाई के वक्त पूरा परिवार और अन्य परिजन भी मौजूद थे। ऋषिकेश अपनी दुल्हनिया को डिफेंडर से ले गए। इससे पहले शिवांगी और ऋषिकेश ने रात में शादी की रस्मों के बीच सात फेरे लिए औऱ फिर हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए। इधर अब अनंत सिंह बेटी को विदा करने के बाद सरेंडर के लिए तैयार हैं।
दरअसल, दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है। दुलारचंद यादव की पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान अक्टूबर माह में हत्या हो गई थी। दुलारचंद यादव की हत्या की साजिश रचने का आरोप अनंत सिंह पर लगा था जिसके बाद उन्हें पिछले साल एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। करीब 4 माह जेल में बीताने के बाद उन्हें पटना हाईकोर्ट से इस मामले में जमानत मिल गई थी जिसे सुप्रीम कोर्ट ने हाल में रद करते हुए उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया। अब बेटी की शादी महज एक सप्ताह बीतते—बीतते अनंत सिंह को सरेंडर करना होगा।
इसबीच कोर्ट के आदेश पर सरेंडर से पहले अनंत सिंह को अपनी विधायकी बचाने के लिए भी विधानसभा द्वारा भेजे गए नोटिस का जवाब भी देना होगा। हाल के एमएलसी चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधि के बाद जदयू से निकाले अनंत सिंह को निकाल दिया गया था। इस कदम के बाद पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से मोकामा विधायक अनंत सिंह की सदस्यता रद्द करने की मांग भी की है। इसी के बाद विधानसभा की तरफ से मोकामा विधायक अनंत सिंह को नोटिस भेजा गया। विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह को इस नोटिस पर शुरू में जवाब देने के लिए एक हफ्ते का समय दिया था। लेकिन मोकमा विधायक ने अपनी बेटी की शादी का हवाला देते हुए कुछ मोहलत मांगी जिसके बाद अब बेटी की शादी पश्चात अनंत सिंह को इसपर जवाब देना है।
