नवादा : जिले की एकमात्र सकरी नदी से निकले पौरा बराज की लापरवाही ने किसानों की कमर तोड़ दी। नहर में अचानक पानी आने से जिले की 120 गांवों में धान की तैयार फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे हजारों एकड़ जमीन को नुकसान पहुंचा है। लापरवाही के कारण सकरी नदी पर बने पौरा बराज का मुहाना खुला रह गया, जिससे पौरा से माऊर नहर में अचानक पानी आ गया, जिससे किसानों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा। अचानक पानी आने से नवादा, वारिसलीगंज, काशीचक और बरबीघा प्रखंडों के लगभग 120 गांवों के किसानों के हजारों एकड़ भूमि में तैयार धान के फसल को क्षति हुआ।

गौरतलब है कि दो दिन पहले हुई बेमौसम बारिश से किसान को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इधर, सिंचाई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही ने उनकी रही सही उम्मीदों को भी डुबो दी। सकरी नदी के पौरा बराज का मुहाना खुला रहने से नहर में अधिक पानी आ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि खेतों तक में घुस गया। रात का समय होने के कारण किसान अपने मेढ़ों की रक्षा भी नहीं कर सके। जो धान काटकर खेतों में पड़ा था वह तैरने लगा और जो खड़ा था वह डूब कर सड़ने की स्थिति में पहुंच गया।
इससे किसानों में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के प्रति भारी आक्रोश है. किसानों ने आरोप लगाया है कि विभाग के अधिकारियों का हमेशा से उदासीन रवैया रहा है। किसानों का मानना है कि नहर में पानी छोड़ने से पहले किसानों को सूचना तक नहीं दी जाती है। अगर सूचना मिलती तो किसान मेढ़ आदि बांधकर तैयार फसल को बचा सकते थे।
मकनपुर गांव के किसान महेंद्र सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व की बारिश ने पहले से ही फसल को भरपूर क्षति कर दी। अब नहर के पानी ने सब कुछ खत्म कर दिया। किसान जनार्दन सिंह ने बताया कि पहले प्रकृति और अब सिंचाई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही ने नुकसान कर दिया है। कार्तिक मास में सावन जैसे खेतों में भरे पानी अब रवि फसल को भी पनपने नहीं देगी। उम्मीद है कि अब इन खेतों में गेहूं आदि फसल की बुआई नहीं हो सकती।

सिंचाई प्रमंडल बिहारशरीफ के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि नदी से निकली दर्जनों बराज में लोहे के कई शटरों के क्षतिग्रस्त होने से नहर में पानी का बहाव शुरू हो गया। हालांकि देर रात तक सिंचाई विभाग के कर्मी ने पानी रोकने को लेकर काफी मशक्कत की परंतु सफल नहीं हो सके। किसानों ने जिला प्रशासन से बृहद तौर पर हुई क्षति का सर्वे कराकर मुआवजे की मांग करते हुए लापरवाह सिंचाई अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट

