नवादा : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गमंगलवार को नगर समेत जिले के विभिन्न इलाकों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह की पहली किरण के साथ ही नदियों, तालाबों और कुओं के किनारे स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। नगर की सकरी और खुरी नदी के तट पर भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने आस्था की डुबकी लगायी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने नजदीकी मंदिरों में पहुंचकर भगवान विष्णु और अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही एक माह तक चलने वाले कार्तिक स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों का समापन हो गया। इस मौके पर महिलाओं ने परंपरागत तरीके से दीपदान किया। पूरे कार्तिक महीने तक घरों और तुलसी चौरे के समीप जलाये गये मिट्टी के दीपों को श्रद्धापूर्वक नदियों में प्रवाहित किया। नदी की लहरों पर तैरते दीपों की कतार ने भक्तिमय माहौल को और भी मनोरम बना दिया। कई महिलाओं ने व्रत और पूजा के बाद जरूरतमंदों को दान-पुण्य किया।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होने के कारण जिले के हजारों श्रद्धालु बाढ़, पटना और प्रयागराज समेत विभिन्न गंगा घाटों के लिए रवाना हुए। सुबह से ही रेलवे स्टेशन और सड़क मार्गों पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही देखी गयी। श्रद्धालुओं में इस पावन पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा। कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है।
इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलायी थी। इस खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। यह तिथि भगवान विष्णु की आराधना और दान-पुण्य के लिए भी विशेष फलदायी माना जाता है। इसी दिन सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व भी रजौली व अमांवा के साथ अकबरपुर व नगर के गोनावां में श्रद्धा के साथ मनाया रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट