नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सिरोडाबर गांव में डायन को लेकर उपजे विवाद में दो पक्ष सीधे आमने सामने भीड़ गए। घटित घटना में कुल चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में किए जाने के बाद पीड़ितों ने थाना पहुंचकर आवेदन दिया। जानकारी के अनुसार, सिरोडाबर में एक महिला पर डायन के आरोप लगाने से उपजे विवाद को लेकर गोतिया के ही दो पक्षों के बीच आपस में जबर्दस्त मारपीट हो गया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मारपीट को लेकर दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों पक्षों से महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया तथा एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। गिरफ्तार लोगों में एक पक्ष के सिरोडाबर गांव निवासी अर्जुन राजवंशी के पुत्र रूपेश राजवंशी, सतीश राजवंशी और पत्नी चिंता देवी शामिल हैं। वहीं,दूसरे पक्ष से संतू राजवंशी की पत्नी रिंकू देवी को गिरफ्तार किया गया है। थाने में पदस्थापित एसआई रंजन कुमार उक्त मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं और अग्रेत्तर कारवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार लोगों का अनुमंडलीय अस्पताल में मेडिकल जांच करा न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट