नवादा : नगर की सड़कों पर पैदल चलने वालों के लिए जगह तलाशना मुश्किल होता जा रहा है। जिन फुटपाथों का निर्माण लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही उपलब्ध कराने के लिए किया गया था, उन पर दुकानदारों, ठेले-खोमचे वालों और अस्थायी कारोबारियों का कब्जा बढ़ता जा रहा है। स्थिति ऐसी हो गयी है कि लोगों को फुटपाथ छोड़कर मुख्य सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति में एंबुलेंस को रास्ता मिलने में भी परेशानी होती है।
शहर के इंदिरा चौक, नयी और पुरानी स्टेशन रोड, मेन रोड और खुरी नदी पुल के आसपास अतिक्रमण की समस्या गंभीर होती जा रही है। कई जगह दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला देते हैं, तो कहीं ठेले और अस्थायी दुकानें रास्ता घेरकर कारोबार कर रही हैं। सड़क किनारे दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग परेशानी को और बढ़ा देती है। नतीजतन, सड़क की वास्तविक चौड़ाई कम हो जाती है और थोड़ी सी भीड़ बढ़ते ही वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
मेन रोड और स्टेशन रोड में सुबह से शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों के साथ स्थानीय राहगीरों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। फुटपाथ पर सामान सजाने और ठेले लगाने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है। इसी दौरान तेज रफ्तार से आने वाले वाहन हादसे की आशंका बढ़ा देते हैं। कई बार पैदल यात्रियों को वाहनों के बीच से रास्ता बनाकर निकलना पड़ता है।
इंदिरा चौक और प्रजातंत्र चौक प्रमुख आवागमन केंद्र हैं। यहां वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क किनारे अतिक्रमण होने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। खुरी नदी पुल पर भी वाहनों का दबाव, दोनों तरफ फुटपाथ और अव्यवस्थित आवाजाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। पुल के आसपास सड़क किनारे ठेले और दुकानों के कारण रास्ता संकरा होने पर वाहनों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। पीक आवर में स्थिति और भी खराब हो जाती है। स्कूली बच्चों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होती है।
शहरवासियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई यदि कभी होती भी है, तो कुछ दिनों बाद स्थिति पहले जैसी हो जाती है। स्थायी समाधान के अभाव में फुटपाथ दोबारा दुकानों और ठेलों की गिरफ्त में आ जाते हैं। लोगों का सवाल है कि आखिर कब तक पैदल चलने वाले अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलने को मजबूर रहेंगे।
शहरवासियों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से मेन रोड, स्टेशन रोड, इंदिरा चौक और खुरी नदी पुल सहित प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल अभियान चलाने से समस्या खत्म नहीं होगी। इसके लिए नियमित निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना और दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। सदर एसडीओ अमित अनुराग ने कहा कि जल्द ही नगर परिषद के साथ बैठक कर शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा। फुटपाथ और सड़क पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को चिह्नित कर जुर्माना लगाने के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट